देहरादून: एक मैरिज वेबसाइट पर जीवनसाथी की तलाश कर रहे दून के एक शख्स को लाखों की चपत लग गई। मामले में युवती व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। मामला वर्ष 2009 का है। जीएमएस रोड सांई एनक्लेव निवासी अरविंद कुमार पेशे से मेडिकल डिस्ट्रीब्यूटर हैं। वसंत विहार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अरविंद ने एक मैरिज वेबसाइट पर अपने लिए जीवन साथी की तलाश शुरू की। इस दौरान उन्होंने वेबसाइट पर नागपुर महाराष्ट्र निवासी नेहा शर्मा पुत्री मोहिनी शर्मा का प्रोफाइल देखा। विज्ञापन में नेहा ने खुद को सरकारी विभाग में कार्यरत होना बताया। इस बीच दोनों का ऑनलाइन संपर्क हुआ और दोनों ऑनलाइन चैट करने लगे और कुछ ही दिनों में नंबर भी एक्सचेंज हो गए। इस दौरान कई बार दोनों के बीच मोबाइल पर बात भी हुई। पुलिस के मुताबिक इस दौरान नेहा ने अपने भाई रमेश निवासी नागपुर, दोस्त गजेन्द्र व शोभा निवासी विवेकनगर, बंगलुरू एवं एलेक्जेंडर निवासी संघदूर प्रकाशम विहार, आंध्र प्रदेश से भी बात की। पुलिस के अनुसार इस दौरान नेहा ने अपनी मां को कैंसर पीडि़त होने का हवाला देकर कई बार अरविंद से रुपये लिए। अब वह उसका फोन भी नहीं उठा रही। थाना वसंत विहार में चारों आरोपियों के खिलाफ आइटी एक्ट के अंतर्गत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।