Friday, July 8, 2011

एक लाख रुपए लूट कर तीनों फरार

काशीपुर : अभी एक व्यापारी से लूट के प्रयास का मामला शांत भी नही हुआ था कि एक अन्य व्यापारी को तमंचे की नोक पर तीन लुटेरों ने लूट लिया। उससे एक लाख रुपए लूट कर तीनों फरार हो गए। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को एएसपी जगतराम जोशी ने घटना स्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली।
बुधवार को आइजी के जनता दरबार में व्यस्त रही पुलिस को उस समय झटका लगा जब महुआखेड़ा गंज में व्यापारी के एक लाख रुपये लुट गए। मोहल्ला बांसफोड़ान के मछली मार्केट निवासी व्यापारी महेश कुमार मदान पुत्र मनोहरलाल मदान बुढ़ानपुर व महुआखेड़ा गंज में दुकानों से पैसा वसूल कर मोबाइक से वापस लौट रहा था। उसके बैग में एक लाख रुपए की नगदी थी। इस बीच महुआखेड़ा गंज में पानी टंकी के समीप बदमाशों ने व्यापारी को रोक लिया। एक बदमाश मोबाइक पर सवार था। तथा दो रास्ते में खडे़ हो गए। तीनों ने मिलकर व्यापारी को तमंचे के बल पर धमकाकर एक लाख रुपए की नगदी लूट ली। तीनों तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। लूट की सूचना से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने आनन फानन में घटना स्थल पर जाकर लुटेरों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। गुरुवार की सुबह एएसपी जगतराम जोशी ने मौका-मुआयना कर लूट की जानकारी ली।

No comments:

Post a Comment