Thursday, December 6, 2012

ऑनलाइन मैसेंजर ऐप्लीकेशन 'व्हाट्सऐप' जल्द ही फेसबुक पर

स्मार्ट फोन की दुनिया में लोकप्रिय ऑनलाइन मैसेंजर ऐप्लीकेशन 'व्हाट्सऐप' जल्द ही फेसबुक साइट पर दिखाई दे सकता है। टेक्नोलॉजी वेबसाइट टेकक्रंच के मुताबिक व्हाट्सऐप दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के साथ सौदे की बात कर चुका है। अभी सौदे के मूल्य और अन्य शर्तों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

व्हाट्सऐप कई प्लेटफार्म पर सपोर्ट करने वाला मैसेजिंग ऐप्लीकेशन है, जिसके द्वारा यूजर एक-दूसरे को मैसेज, पिक्चर, वीडियो और अन्‍य फाइलें ट्रांसफर कर सकते हैं। अक्‍तूबर 2011 में लांचिंग के बाद अब यह फिलहाल 100 से भी ज्यादा देशों में लोकप्रिय है। इसकी पॉपुलरटी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इससे एक दिन में करीब एक करोड़ मैसेज ट्रांसफर किए जाते हैं।

मोबाइल पर उपयोग के हिसाब से फेसबुक मैसेंजर अभी कुछ दिक्कतों का सामना कर रहा है। खासकर वे लोग इसे पसंद नहीं करते जो व्हाट्सऐप तथा अन्य मोबाइल मैसेंजर का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिससे फेसबुक मोबाइल प्लेटफॉर्म का पूरा उपयोग नहीं कर पा रहा है। सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट ने यह निर्णय भविष्‍य को ध्यान में रखकर लिया है।

फेसबुक का मानना है कि भविष्य में कंपनी की ग्रोथ में मोबाइल का अहम हाथ होगा। गौरतलब है कि फेसबुक एक फ्री सर्विस है, व्हाट्सऐप कुछ प्लेटफार्म पर निश्चित अवधि के लिए ही फ्री है और बाद में इसके प्रयोग के लिए भुगतान करना पड़ता है। iOS पर यह एक पेड सर्विस है।

No comments:

Post a Comment