नई दिल्ली. अजमल आमिर कसाब के बाद अब 2001 में संसद पर हुए हमले के मामले में दोषी करार दिए गए अफजल गुरु को फांसी दे दी गई है। अफजल गुरु को आज सुबह तिहाड़ जेल में गुपचुप तरीके से फांसी दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने अफजल की फांसी की सजा सुनाई थी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने करीब हफ्ते भर पहले ही अफजल की दया याचिका खारिज कर दी थी। केंद्रीय गृह सचिव आर के सिंह ने अफजल को फांसी दिए जाने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि सुबह 8 बजे उसे फांसी दी गई। गृह मंत्रालय भी इस बारे में थोड़ी देर में औपचारिक ऐलान कर सकता है।
इस बीच, किसी तरह की अनहोनी की आशंका के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। श्रीनगर सहित सूबे के तमाम शहरों में कर्फ्यू लगाया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस को कल ही अलर्ट कर दिया गया था। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं। दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्र सरकार ने मुंबई में भी अलर्ट के निर्देश जारी किए हैं।
No comments:
Post a Comment